News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खिलाड़ियों को फिर रास आई सियासी पिच, कई को मिली हार खेलपथ संवाद नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से सियासी पारी खेलने उतरे कई दिग्गज खिलाड़ियों और खेल संगठन पदाधिकारियों को जहां बड़ी सफलता मिली है वहीं कुछ के लिए यह न बिसरने वाला लम्हा साबित हुआ। क्रिकेटर यूसुफ पठान, कीर्ति आजाद और अनुराग ठाकुर ने जीत का परचम लहराया वहीं हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और दिग्गज हॉकी खिलाड़ी दिलीप तिर्की तथा पैरालम्पियन देवेन्द्र झाझरिया को पराजय का सामना करना पड़ा। सियासत की असमतल उछाल भरी पिच पर इस बार भी खिलाड़ियों के चौके-छक्के जमकर बरसे। खासतौर पर 2024 के आमचुनाव की सियासी पिच क्रिकेटरों को खूब रास आई है। अपने गगनचुंबी छक्कों और आतिशी पारियों के लिए मशहूर रहे क्रिकेटर कीर्ति आजाद और यूसुफ पठान को लोकसभा चुनाव में जीत मिली है। देश का पहला 1983 का विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य कीर्ति आजाद जहां इस बार बर्धमान-दुर्गापुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर संसद में एक बार फिर नुमाइंदगी पेश करेंगे। वहीं, 2007 का टी-20 विश्व कप और 2011 का वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया के सदस्य यूसुफ पठान पहले ही प्रयास में बहरामपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीते हैं। उन्होंने दिग्गज कांग्रेसी नेता अधीर रंजन चौधरी को हराया। क्रिकेटरों को तो जीत मिली, लेकिन अन्य खेलों के दिग्गजों को सियासी मैदान रास नहीं आया। देश के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले हॉकी इंडिया के अध्यक्ष, दिग्गज डिफेंडर और पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की को बीजद से सुंदरगढ़ में फिर हार का सामना करना पड़ा। वहीं दो बार पैरालंपिक का स्वर्ण जीतने वाले पद्मभूषण, खेल रत्न अवॉर्डी और पैरालंपिक कमेट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया को चुरू से हार मिली। हालांकि दिग्गज फुटबालर, अर्जुन अवॉर्डी और महान पीके बनर्जी के भाई प्रसून बनर्जी हावड़ा से एक बार फिर जीत गए। क्रिकेटर अनुराग और शूटर नवीन जीते बुसान एशियाई खेलों में भाग लेने वाले और सैफ गेम्स के रजत पदक विजेता स्कीट शूटर नवीन जिंदल भाजपा टिकट पर कुरुक्षेत्र सेे जीतने में सफल रहे। कारोबारी के रूप में ज्यादा मशहूर जिंदल के नाम स्कीट शूटिंग में राष्ट्रीय कीर्तिमान रहा है। वह पोलो के भी राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। हिमाचल प्रदेश के लिए एक रणजी मैच खेलने वाले बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर भी हमीरपुर से जीतने में सफल रहे। पूर्व अंतरराष्ट्रीय ट्रैप शूटर राणा गुरमीत सोढी भाजपा टिकट पर फिरोजपुर से हारे। नामी खेल प्रशासक हारे खेल प्रशासक राजनीतिज्ञों को इस बार आमचुनाव में निराश होना पड़ा। भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा को खूंटी (झारखंड) से हार मिली। भारतीय बॉक्सिंग महासंघ के पूर्व अध्यक्ष अभय चौटाला कुरुक्षेत्र से हारे। गोल्फर और फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष अरविंद खन्ना संगरूर से हारे। वहीं, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष राव इंदरजीत सिंह ने गुरुग्राम से भाजपा टिकट पर अभिनेता राजबब्बर को हराया। यूपी कुश्ती संघ के अध्यक्ष करण भूषण सिंह को कैसरगंज से जीत मिली।