News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
पदक तालिका में चीन शिखर पर, भारत को मिला छठां स्थान खेलपथ संवाद कोबे (जापान)। विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत ने पिछले संस्करण से सात पदक अधिक जीते और पदक तालिका में छठे स्थान पर रहा। शनिवार को सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्ण पदकों की संख्या छह तक पहुंचा दी। भारत छह स्वर्ण सहित कुल 17 पदक जीतकर पदक तालिका में छठे स्थान पर रहा। चीन पदकों के मामले में शिखर पर रहा। शनिवार को प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 मीटर टी35 श्रेणी में कांस्य के साथ चैम्पियनशिप का अपना दूसरा पदक जीता। प्रीति ने इससे पहले इसी वर्ग में 200 मीटर में कांस्य पदक जीता था। भारत के नवदीप ने पुरुषों की भाला फेंक एफ41 श्रेणी में सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42.82 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। शनिवार के पदकों के साथ भारत के पदकों की संख्या 6 स्वर्ण, 5 रजत तथा 6 कांस्य सहित 17 तक पहुंच गई, जो 2023 की पदक संख्या को पार चुकी है। इस तरह भारत ने इस साल प्रतियोगिता के इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। कोबे में भारतीय पैरा-एथलेटिक्स टीम का प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत, लचीलेपन और कोचों, सहयोगी स्टाफ और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा प्रदान की गई मजबूत सहायता प्रणाली का प्रमाण है। उनकी सफलता देश भर के महत्वाकांक्षी एथलीटों के लिए प्रेरणा का काम करती है। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय पैरा-एथलेटिक्स में भारत के बढ़ते कद को भी मजबूत करेगी। दीप्ति जीवनजी ने सोमवार को महिलाओं की 400 मीटर टी20 श्रेणी में 55.06 सेकेंड का विश्व रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक हासिल किया। दीप्ति जीवनजी ने विश्व रिकॉर्ड तोड़ने के बाद कहा, 'विश्व रिकॉर्ड तोड़ना और विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतना एक सपने के सच होने जैसा है। मैं अपने कोचों, परिवार और पूरे भारतीय दल के समर्थन के लिए आभारी हूं। यह सिर्फ शुरुआत है, और मैं भविष्य के लिए उत्साहित हूं। नौ दिवसीय इस प्रतियोगिता में चीन 87 पदक (33 स्वर्ण, 30 रजत, 24 कांस्य) के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा। ब्राजील (19 स्वर्ण, 12 रजत, 11 कांस्य) के साथ दूसरे, उज्बेकिस्तान (सात स्वर्ण, चार रजत, दो कांस्य) के साथ तीसरे, ब्रिटेन (सात स्वर्ण, दो रजत, तीन कांस्य) के साथ चौथे और अमेरिका (छह स्वर्ण, 13 रजत, पांच कांस्य) के साथ पांचवें स्थान पर रहा।