News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
मुख्य खिलाड़ियों के बिना मैदान में उतरी थीं टीमें खेलपथ संवाद बैंकॉक। भारतीय पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने मंगलवार को एशियाई रिले चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने के बाद मुख्य खिलाड़ियों के बिना मैदान में उतरी भारत की पुरुष और महिला चार गुणा 400 मीटर चौकड़ी ने अपनी-अपनी स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक जीता। विथ्या रामराज, एमआर पूवम्मा, प्राची चौधरी और रूपल चौधरी की महिला टीम ने महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले फाइनल में वियतनाम (तीन मिनट 30.81 सेकेंड) के बाद तीन मिनट 33.55 सेकेंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। जापान ने तीन मिनट 35.45 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। विथ्या और प्राची उस भारतीय चौकड़ी का हिस्सा नहीं थीं जिसने इस महीने की शुरुआत में बहामास के नासाउ में विश्व एथलेटिक्स रिले के दौरान पेरिस ओलम्पिक कोटा हासिल किया था। उस टीम में पूवम्मा और रूपल के साथ ज्योतिका श्री दांडी और सुभा वेंकटेशन शामिल थीं मोहम्मद अनस याहिया, संतोष कुमार, मिजो चाको कुरियन और अरोकिया राजीव की पुरुष चौकड़ी भी शीर्ष स्थान हासिल करने से चूक गई। भारतीय टीम तीन मिनट 05.76 सेकेंड के समय के साथ श्रीलंका (तीन मिनट 04.48 सेकेंड) के बाद दूसरे स्थान पर रही। वियतनाम तीन मिनट 07.37 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर था। श्रीलंका की टीम ने पहले चरण में बढ़त बना ली थी लेकिन संतोष ने दूसरे चरण में भारत को बढ़त दिला दी। चाको ने तीसरे चरण के बाद भारत को बढ़त पर रखा लेकिन श्रीलंका के एंकर धावक हेवा कलिंग कुमारगे ने अंतिम चरण में अरोकिया को पछाड़ दिया। संतोष और चाको उस भारतीय चौकड़ी का हिस्सा नहीं थे जिसने विश्व एथलेटिक्स रिले के दौरान पेरिस ओलंपिक कोटा तीन मिनट और 3.23 सेकंड के समय के साथ हासिल किया था।।