News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक हुए भावुक खेलपथ संवाद नई दिल्ली। देश को सुनील छेत्री की कमी तो खलेगी क्योंकि छेत्री ने फुटबॉल के लिए बहुत लम्बा समय दिया। इसे हम एक युग का समापन मान सकते हैं। जब-जब भारतीय फुटबॉलर मैदान में उतरेंगे, लोग कहीं न कहीं छेत्री को तलाशेंगे। बेहतरीन खिलाड़ी जब रिटायरमेंट की बात कहता है तो खेलप्रेमियों में निराशा तो होती है। पर उन्होंने सही समय पर सही फैसला लिया है। यह कहना है बाईसाइकिल किक के नाम से मशहूर देश के पूर्व फुटबॉलर श्याम थापा का। बकौल थापा, सुनील छेत्री ने देश के फुटबॉल को नए मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने अधिकतर गोल, पेनाल्टी या हेड से किए हैं। पेनॉल्टी को गोल में बदलने का मतलब है कि आप पर दबाव रहता है। उन्होंने हमेशा दबाव में टीम का आगे बढ़कर नेतृत्व किया। थापा कहते हैं, जब एक नायक स्थान छोड़ता है तो यह सवाल स्वाभाविक है कि अगला कौन। सुनील के रिटायरमेंट के बाद यह सवाल सबके मन में है कि उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। देश में कई क्लब हैं और कई खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं। अभी यह कहना कि उत्तराधिकारी कौन होगा, थोड़ी जल्दबाजी होगी। समय के साथ खिलाड़ी परिपक्व होते हैं, कई खिलाड़ी उनके उत्तराधिकारी बनने की रेस में हैं। भावुक हुए भारतीय कोच इगोर स्टिमैक भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक कप्तान सुनील छेत्री के संन्यास के एलान पर भावुक हो गए। उन्होंने कहा है कि दुनिया ने कुछ फुटबॉलर को ही उनके खेलते रहने के दौरान महान बनते देखा है। सुनील छेत्री उनमें से एक खिलाड़ी हैं। स्टिमैक ने कहा कि कुछ खिलाड़ी ही खेलते हुए महान बनते हैं और छह जून को संन्यास लेने वाले करिश्माई कप्तान सुनील छेत्री इनमें से एक हैं। छेत्री ने कुवैत के खिलाफ छह जून को फीफा विश्व कप क्वालीफाइंग मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कहने का फैसला लिया है। स्टिमैक ने कहा- वह बेहतर तरीके से जानते हैं कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं और संन्यास लेने का उचित समय कब है। मैं सिर्फ यही चाहता हूं कि उनके लिए और सभी भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए छह जून को बहुत यादगार बनाने के लिए कुछ करूं। उन्होंने कहा- वह खेलने के दौरान ही महान खिलाड़ी बन गए थे। वह हर किसी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। छेत्री हमेशा पूरी तरह से भारतीय जर्सी के लिए प्रतिबद्ध रहे और युवा खिलाड़ियों को उनसे यह सीखने की जरूरत है। देश के लिए जुनून और शिद्दत से खेलना ही सबकुछ है। गुरुवार सुबह कलिंगा स्टेडियम की जिम में मौजूद टीम के खिलाड़ियों के बीच सुनील छेत्री के संन्यास के एलान की खबर पर मायूसी का माहौल था। जिम सेशन से आधे घंटे पहले ही 39 वर्षीय छेत्री ने अपने संन्यास की घोषणा की थी और 10 मिनट का वीडियो पोस्ट किया था। स्टिमैक उनके करीब खड़े थे और बाकी खिलाड़ी भी साथ थे।