News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
महिला स्कीट में जीता चांदी का तमगा खेलपथ संवाद नई दिल्ली। निशानेबाज महेश्वरी चौहान ने रविवार को दोहा में आईएसएसएफ शॉटगन ओलम्पिक क्वालीफिकेशन चैम्पियनशिप के समापन दिन महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इस साल होने वाले पेरिस ओलम्पिक के लिए भारत का 21वां कोटा स्थान हासिल कर लिया। पहली बार फाइनल में खेल रही महेश्वरी को स्वर्ण पदक के लिए शूट ऑफ में चिली की फ्रांसिस्का क्रोवेटो चाडिड ने 4-3 से हराया। इससे पहले दोनों निशानेबाजों ने 60 में से एक समान 54 अंक बनाये थे। यह महिला स्कीट में भारत का दूसरा ओलम्पिक कोटा स्थान है। महेश्वरी ने फाइनल के बाद कहा, मैं रोमांचित हूं। यहां तक पहुंचने के लिए पिछले कुछ वर्षों में काफी कड़ी मेहनत करनी पड़ी है। मैं शूट-ऑफ को लेकर थोड़ी निराश हूं, लेकिन कुल मिलाकर, यह बहुत संतोषजनक रहा है। महेश्वरी दिन की शुरुआत में तालिका में शीर्ष पर थी लेकिन क्वालीफिकेशन के आखिरी दौर में 23 के स्कोर के कारण उन्होंने चौथे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। क्वालीफिकेशन में उनका कुल स्कोर 121 था जो नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।