News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
आईडब्ल्यूएफ विश्व कप में हासिल किया तीसरा स्थान खेलपथ संवाद फुकेट। टोक्यो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने सोमवार को यहां आईडब्ल्यूएफ विश्व कप में महिलाओं के 49 किलोग्राम भार वर्ग के ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर रहकर पेरिस ओलम्पिक में अपनी जगह सुनिश्चित की। चोटिल होने के कारण छह महीने बाद वापसी करने वाली मीराबाई ने कुल 184 किलोग्राम (81 किलोग्राम और 103 किलोग्राम) भार उठाया। यह पेरिस ओलम्पिक के लिए अंतिम और अनिवार्य क्वालीफायर टूर्नामेंट है। मीराबाई पेरिस ओलम्पिक में भाग लेने वाली अकेली भारतीय भारोत्तोलक होंगी। अपनी स्पर्धा पूरी होने के साथ ही मीराबाई ने पेरिस ओलम्पिक के लिए तय मानदंड पूरे कर लिए हैं जिनमें दो अनिवार्य टूर्नामेंट और तीन अन्य क्वालीफायर में भाग लेना शामिल हैं। भारत की 2017 विश्व चैम्पियन मीराबाई वर्तमान में महिलाओं की 49 किलोग्राम ओलम्पिक क्वालिफिकेशन रैंकिंग (ओक्यूआर) में चीन की जियान हुईहुआ के बाद दूसरे स्थान पर हैं। क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों की आधिकारिक घोषणा विश्व कप के समापन के बाद होगी जब ओक्यूआर अपडेट किया जाएगा। प्रत्येक भार वर्ग से शीर्ष 10 भारोत्तोलक पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करेंगे। मीराबाई ने इससे पहले आखिरी बार पिछले साल सितम्बर में एशियाई खेलों में भाग लिया था जहां वह चोटिल हो गई थीं। मीराबाई पेरिस ओलम्पिक में भाग लेने वाली अकेली भारतीय भारोत्तोलक होंगी। यह तीसरा अवसर होगा जबकि वह ओलम्पिक में हिस्सा लेगी।