News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
महिला विरोधी टिप्पणी करने पर भड़की शटलर 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा देने वालों से ऐसी उम्मीद नहीं थी' खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल दावणगेरे सीट से भाजपा की उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वरी पर की गई महिला विरोधी टिप्पणी पर भड़क उठीं। साइना ने कर्नाटक के वरिष्ठ कांग्रेस नेता शमनूर शिवशंकरप्पा की आलोचना की जिन्होंने गायत्री पर हाल ही में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। साइना ने कहा- 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा देने वालों से ऐसी उम्मीद नहीं थी'। दावणगेरे दक्षिण से मौजूदा कांग्रेस विधायक 92 वर्षीय शिवशंकरप्पा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद सिद्धेश्वरा जीएम की पत्नी गायत्री पर महिला विरोधी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि गायत्री केवल रसोई में खाना बनाना जानती हैं। पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी और भाजपा नेता साइना शिवशंकरप्पा के बयान से भड़क उठीं और उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट डाल उनकी कड़ी आलोचना की। साइना ने लिखा, 'कर्नाटक के एक वरिष्ठ नेता शिवशंकरप्पा का कहना है कि महिलाओं को सिर्फ रसोई में काम करने तक सीमित रहना चाहिए। दावणगेरे से भाजपा उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वरा पर की गई लैंगिक टिप्पणी की कम से कम ऐसी पार्टी से उम्मीद नहीं की जा सकती जिनका नारा है लड़की हूं, लड़ सकती हूं।' उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ने की आशा रखती हैं, ऐसे में महिलाओं के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी हैरान करने वाली है। 2012 लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली नेहवाल ने कहा, 'जब मैंने देश के लिए पदक जीते तो कांग्रेस पार्टी मुझसे क्या चाहती थी। मुझे क्या करना चाहिए था? जब सभी लड़कियां और महिलाएं किसी भी क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने का सपना देखती हैं तो इस तरह का बयान क्यों दिया जा रहा है। एक तरफ हम नारी शक्ति को वंदन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक पास किया गया, जबकि दूसरी ओर नारी शक्ति का अपमान करने वाले लोग हैं। यह बहुत ही परेशान करने वाला है।' क्या कहा था शिवशंकरप्पा ने? कर्नाटक के वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवशंकरप्पा ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा की महिला नेत्री गायत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिस पर काफी विवाद बढ़ गया है। शिवशंकरप्पा ने कहा था, 'गायत्री ठीक से बोल भी नहीं पाती हैं और वह घर में खाना बनाने के लिए फिट बैठती हैं।'