News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
26 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक गोवा में होंगे 37वें राष्ट्रीय खेल
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। गोवा में 26 अक्टूबर से 9 नवम्बर तक होने वाले 37वें राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश का 100 के पार पदकों का लक्ष्य होना चाहिए क्योंकि एशियाई खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने संतोषजनक प्रदर्शन किया है। चीन में हुए एशियाई खेलों में मध्य प्रदेश के शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते हैं।
राष्ट्रीय खेलों की जहां तक बात है 36वें राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश ने 20 स्वर्ण, 25 रजत सहित 66 पदकों के साथ सातवां स्थान हासिल किया था। पदकों का यह आंकड़ा इस बार बढ़ सकता है क्योंकि इस बार 43 खेलों को शामिल किया गया है, जिसमें नौकायन और ताइक्वांडो को पुनः शामिल किया गया है।
मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने 36वें राष्ट्रीय खेलों में 20 स्वर्ण, 25 रजत और 21 कांस्य पदक सहित 66 पदकों के साथ गुजरात में अपनी यात्रा सातवें स्थान पर समाप्त की थी। राष्ट्रीय खेल, 2022 की आधिकारिक रैंकिंग और ओलम्पिक की आधिकारिक रैंकिंग के अनुसार राज्य सातवें और केरल छठे स्थान पर रहा। 2015 के राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश कुल 91 पदकों के साथ छठे स्थान पर रहा था।
36वें राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश ने कैनोइंग में 12 पदक जीते थे जो अन्य खेलों में सबसे ज्यादा हैं। मध्य प्रदेश के तैराकों ने जल विज्ञान में कुल नौ पदक तो एथलेटिक्स में कुल पांच पदक जीते थे। गुजरात में मध्य प्रदेश ने मल्लखम्ब में कुल नौ पदक तो रोइंग में आठ पदक जीते थे। इसी तरह निशानेबाजी में राज्य के खाते में कुल सात पदक आए थे। सॉफ्ट टेनिस में प्रदेश के खिलाड़ियों ने चार पदक जीते तो वुशू और कुश्ती में प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल आठ पदकों पर कब्जा किया था।
हॉकी में मध्य प्रदेश महिला टीम ने कांस्य पदक जीता था। इसी तरह योग में मध्य प्रदेश महिला टीम ने एक कांस्य पदक जीता। इसी तरह जूडो और फेंसिंग में एक-एक पदक मिला था। तब मध्य प्रदेश ने कैनोइंग में सर्वाधिक स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले थे। इस बार इन खेलों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी पदकों का सैकड़ा लगा सकते हैं।