News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
एशियाई खेलों का फाइनल मुकाबला जीत ओलम्पिक टिकट कटाने को मौका खेलपथ संवाद हांगझोऊ। शुरुआती क्वार्टर में ही तीन गोल करने के बाद कोरियाई पलटवार का डटकर सामना करते हुए भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को 5-3 से जीत के साथ एशियाई खेलों के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब भारतीय हॉकी लड़ाकों को फाइनल जीत शान से ओलम्पिक टिकट कटाना चाहिए। भारतीय हॉकी टीम ने आखिरी बार 2014 इंचियोन खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर ओलम्पिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया था। पिछली बार जकार्ता में 2018 में भारतीय टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। भारत का सामना सात अक्टूबर को फाइनल में चीन या जापान से होगा। भारत के लिए हार्दिक सिंह (पांचवां मिनट), मनदीप सिंह (11वां मिनट) और ललित उपाध्याय (15वां) ने पहले क्वार्टर में ही तीन गोल कर दिये थे। दूसरे क्वार्टर में हालांकि कोरिया के माने जुंग ने 17वें और 20वें मिनट में दो गोल करके भारतीय खेमे में खलबली मचा दी। भारतीयों ने पलटवार पर 24वें मिनट में बढ़त बनाई, जब अमित रोहिदास ने गोल दागा। इस बीच कोरिया के लिये जुंग ने फिर 47वें मिनट में गोल कर दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक ने 54वें मिनट में गोल करके भारत की जीत पर मुहर लगा दी। पूल चरण में पांच मैचों में 58 गोल करने वाली भारतीय टीम ने पहले मिनट से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में कोरियाई हाफ में ही सारा खेल हुआ।