News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भाला फेंक में नीरज को सोना, जेना को चांदी तीरंदाजी और पुरुष रिले में भी पीला तमगा खेलपथ संवाद हांगझोऊ। एशियाई खेलों के 11वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण समेत 12 मेडल देश की झोली में डाले। इसके साथ ही भारत ने एशियाड में पदकों के लिहाज से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पिछले खेलों में 70 पदक के आंकड़े को बहुत पीछे छोड़ दिया है। इस बार अभी तक 19 स्वर्ण समेत कुल 82 पदक भारत के नाम हो चुके हैं। हांगझोउ एशियाई खेलों के लिए भारत ने ‘अबकी बार, सौ पार’ नारा दिया है। बुधवार को भारतीय तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम और ओजस देवताले ने फाइनल में दक्षिण कोरिया की जोड़ी को हराकर कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इसके बाद, ओलम्पिक और विश्व चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.88 मीटर का थ्रो फेंककर भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, किशोर जेना ने 87.54 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। इसके कुछ पल बाद ही अनस मोहम्मद याहिया, अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल वी और राजेश रमेश की चौकड़ी ने 3:01.58 मिनट का समय निकालकर पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। भारत की वित्या रामराज, ऐश्वर्य मिश्रा, प्राची और शुभा वेंकटेशन ने महिला वर्ग में रजत पदक हासिल किया। भारतीय चौकड़ी ने 3:27.85 मिनट का समय निकाला।