News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भारतीय खिलाड़ियों ने दसवें दिन जीते नौ मेडल खेलपथ संवाद हांगझोऊ। एशियाई खेलों में भारत के लिए दसवां दिन शानदार रहा। मंगलवार को भारत के खाते में नौ पदक आए। इनमें दो स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ और अन्नू रानी ने महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण जीता। वहीं, मोहम्मद अफजल ने पुरुषों के 800 मीटर दौड़ में रजत और तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के डेकाथेलॉन में रजत पदक जीता। प्रवीण चित्रावेल ने पुरुषों के ट्रिपल जंप में कांस्य, विद्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा, प्रीति ने महिलाओं की 54 किलोग्राम भारवर्ग मुक्केबाजी स्पर्धा और नरिंदर ने पुरुषों के 92 किलोग्राम भारवर्ग मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा अर्जुन सिंह और सुनील सिंह ने पुरुषों के कैनो (नौकायान) डबल 1000 फाइनल में कांस्य पदक जीता। पारुल चौधरी के बाद अन्नू रानी ने भी इतिहास रच दिया है। एशियाड में महिलाओं की भाला-फेंक स्पर्धा में अन्नू ने स्वर्ण जीता है। अपने चौथे प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 62.92 मीटर भाला फेंका। श्रीलंका की नदीशा दिलहान ने रजत पदक जीता। प्रवीण चित्रावेल ने पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने छठे प्रयास में 16.68 मीटर की छलांग लगाई और तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे। भारत के ही अबूबकर 16.62 मीटर की छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहे। भारत के मोहम्मद अफजल ने पुरुषों के 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। उन्होंने 1:48:43 मिनट का समय लिया। आखिरी कुछ मीटर में सऊदी अरब के एसा अली ने उन पर लीड ले ली और वह स्वर्ण से चूक गए। भारत के कृष्ण कुमार पांचवें स्थान पर रहे। भारत की पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीता है। यह एशियाई खेलों में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भारत का पहला स्वर्ण है। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ है। भारत के कुल पदकों की संख्या 64 हो गई है। यह भारत का 14वां स्वर्ण है। विद्या रामराज ने 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत को एक और पदक दिला दिया है। उन्होंने 55.68 सेकंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहीं और कांस्य पदक अपने नाम किया। बहरीन की अदेकोया ने 54.45 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। यह एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी है। वहीं, चीन की जियादी मो ने 55.01 सेकंड का समय लेकर रजत पदक अपने नाम किया। भारत की झोली में अब 63 पदक हो गए हैं।