News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
68 एथलीटों में 13 उत्तर प्रदेश के, बेटियां अधिक खेलपथ संवाद नई दिल्ली। चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में आज से पांच अक्टूबर तक एथलेटिक्स की स्पर्धाएं होने जा रही हैं। इनमें भारत का 68 सदस्यीय दल शिरकत कर रहा है, इनमें 13 एथलीट उत्तर प्रदेश के हैं। इन एथलीटों में पश्चिम उत्तर प्रदेश की बेटियों से देश को पदक की उम्मीदें अधिक हैं। देखा जाए तो क्रांतिधरा की बेटियों का खेलों में हमेशा जलवा रहा है। वह बेटों से बहुत आगे निकल चुकी हैं। चीन में आयोजित एशियन गेम्स में मेरठ की पांच बेटियां दम दिखाएंगी, इनमें प्रियंका गोस्वामी, पारुल चौधरी, अन्नू रानी, किरण बालियान के साथ चक्का फेंक खिलाड़ी सीमा अंतिल से पदकों की उम्मीदें हैं। एशियन गेम्स में मेरठ की ओर से सबसे सीनियर एथलीट सीमा अंतिल के साथ अन्य खिलाड़ी प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटे हैं। प्रतियोगिता के लिए पहले ही चीन के हांगझोऊ पहुंच चुकी भारतीय टीम के साथ मेरठ की एथलीट भी पहुंच चुकी हैं। एथलेटिक्स प्रतिस्पर्धाएं शुक्रवार 29 सितम्बर को शुरू होगी। इससे पहले वहां एथलीट अपने प्रदर्शन को बनाए रखने के लिए निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। एथलेटिक्स में सीमा के अलावा प्रियंका गोस्वामी पैदल चाल में, किरन बालियान शॉटपुट में, पारुल चौधरी पांच हजार मीटर दौड़ और तीन हजार मीटर स्टिपलचेज और अन्नू रानी भाला फेंक में हिस्सा लेंगी। पहले ही दिन प्रियंका गाेस्वामी की प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाएं 29 सितम्बर से पांच अक्टूबर तक चलेंगी। भारतीय दल में सर्वाधिक 68 खिलाड़ी एथलेटिक्स में हैं, जिसमें 13 उत्तर प्रदेश से हैं। इसमें अन्नू रानी जेवलिन थ्रो, जबकि सीमा अंतिल डिस्कस थ्रो में देश के लिए पदक जीत सकती हैं। किरन बालियान शॉटपुट और बागपत की तान्या चौधरी और रचना यादव हैमर थ्रो में बेहतरीन प्रदर्शन कर एशियाड में पदक जीत सकती हैं। यूपी की 13 में से मेरठ की पांच महिला, बागपत की दो महिला व सहारनपुर से एक महिला व एक पुरुष एथलीट हैं। अन्य में झांसी की एक महिला एथलीट और प्रयागराज, अलीगढ़ व सोनभद्र के एक-एक पुरुष एथलीट हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश की पांच लड़कियां ओलम्पिक खेल चुकी हैं, जो उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। पेरिस ओलम्पिक में भी खेलेंगी प्रियंका माधवपुरम सेक्टर-3 निवासी प्रियंका ने इंग्लैंड के बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था। प्रियंका ने 20 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में एशियन गेम्स के साथ 2024 में होने वाले पेरिस ओलम्पिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। एशियन गेम्स में भी वह पदक की मजबूत दावेदार हैं। हापुड़ रोड एकता नगर निवासी किरण बालियान गोला फेंक में एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उत्तर प्रदेश के यह खिलाड़ी दिखाएंगे दम पारुल चौधरी, मेरठ : 5,000 मीटर दौड़, 3,000 मीटर स्टिपलचेज, किरण बालियान, मेरठ : शॉटपुट, सीमा अंतिल, मेरठ : डिस्कस थ्रो, अन्नू रानी, मेरठ: भाला फेंक, प्रियंका गोस्वामी, मेरठ : 20 किलोमीटर पैदल चाल, तान्या चौधरी, बागपत : हैमर थ्रो, रचना यादव बागपत: हैमर थ्रो,कार्तिक कुमार, सहारनपुर: 10,000 मीटर दौड़, प्राची सहारनपुर : 200 मीटर दौड़, गुलवीर सिंह, अलीगढ़ : 5,000 मीटर दौड़, रामबाबू सोनभद्र : 35 किलोमीटर पैदल चाल, अजय कुमार सरोज, प्रयागराज : 1,500 मीटर दौड़, शैली सिंह, झांसी : लम्बी कूद।