News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
एशियाई जूनियर यूथ वेटलिफ्टिंग का शुभारम्भ खेलपथ संवाद ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को देश में पहली बार आयोजित हो रही एशियाई जूनियर और यूथ वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप का शुभारम्भ किया। गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में शुक्रवार से शुरू हो रही यह चैम्पियनशिप पांच अगस्त तक आयोजित होगी, जिसमें भारत की 30 सदस्यीय टीम शिरकत करेगी। अनुराग ठाकुर ने इस दौरान भारतीय टीम में शामिल वेटलिफ्टरों का उत्साहवर्धन किया। टीम में ज्यादातर वेटलिफ्टर खेलो इंडिया स्कीम से शामिल हुए हैं। अनुराग ठाकुर ने भारत की ओर से इस चैम्पियनशिप की मेजबानी पर खुशी जताई, जिसमें 15 से अधिक देशों के तकरीबन 200 वेटलिफ्टर शिरकत कर रहे हैं। उन्होंने इस बात की भी सराहना की कि इतने कम समय के अंतराल में भारतीय भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष सहदेव यादव ने इतनी प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप के आयोजन को सम्भव कर दिखाया। खेल मंत्री ने ओलम्पिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और कांस्य पदक विजेता करणम मल्लेश्वरी की युवाओं का मार्गदर्शक बनने के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि मार्टिना देवी, जूनियर विश्व चैम्पियन हर्षदा गरुड़ और एल धनुष खेलो इंडिया में परचम लहराकर भारतीय टीम में शामिल हुए हैं।