News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर ग्वालियर को गौरवान्वित करेंः अंशुल श्रीवास्तव खेलपथ संवाद ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ग्वालियर के स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम में दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के उन उभरते खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि अंशुल श्रीवास्तव के करकमलों से सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल ही में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने कौशल से प्रदेश को गौरवान्वित किया है। गौरतलब है कि बीते दिनों ग्वालियर में सम्पन्न राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में लड़कों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया था तो लड़कियों ने रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की थी। सोमवार को स्थानीय दर्पण हॉकी मैदान में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आदर्श सिंह एवं गोविंद बघेल तथा कुमारी अपूर्व को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंशुल श्रीवास्तव (सदस्य राजभाषा सलाहकार समिति) खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्रालय भारत सरकार एवं पूर्व राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य भारतीय जनता युवा मोर्चा थे। इस अवसर पर दर्पण मिनी स्टेडियम के हॉकी खिलाड़ी अर्जुन शर्मा को भी सम्मानित किया गया। अपने सम्बोधन में श्री श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत कर दर्पण मिनी स्टेडियम और ग्वालियर का नाम गौरवान्वित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एनआईएस हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने दर्पण मिनी स्टेडियम की उपलब्धियों से अतिथि को परिचित कराया एवं शॉल श्रीफल एवं पगड़ी पहनाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत हॉकी प्रशिक्षक संगीता दीक्षित, नरेश डगरोलिया, सगीर खान आदि ने किया। सम्मान समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिव सिंह यादव मंडल अध्यक्ष भाजपा एवं संजय सिंह कौरव प्रदेश सचिव विज्ञान भारती भी उपस्थित रहे।