News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
अखिल भारतीय पुलिस गेम्स से करेंगी वापसी खेलपथ संवाद नई दिल्ली। दंगल गर्ल गीता फोगाट एक बार फिर कुश्ती के मैट पर वापसी करने जा रही हैं। साढ़े तीन साल के बेटे की मां, 34 वर्षीय गीता पेरिस ओलम्पिक में दावेदारी के लिए अपने को तैयार कर रही हैं। गीता इस माह होने वाली अखिल भारतीय पुलिस गेम्स से कुश्ती मैट पर वापसी करेंगी। उनकी कोशिश कनाडा में होने वाले विश्व पुलिस खेलों में शिरकत करने की होगी। इसके बाद वह ट्रायल के जरिए पेरिस ओलम्पिक की टीम में जगह बनाने की कोशिश करेंगी। गीता राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाली पहली महिला पहलवान हैं। उन्होंने 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीता था। राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण जीतने वाली महिला पहलवान गीता ने दो वर्ष पूर्व भी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के जरिए वापसी की कोशिश की थी, लेकिन चोट के कारण उनकी यह वापसी सफल नहीं रही। 2012 के लंदन ओलम्पिक में खेलने वाली गीता अमर उजाला से कहती हैं कि पुलिस की टे्रनिंग के दौरान उन्होंने अपने को पूरी तरह फिट रखा है। उनका वजन अभी 62 किलो के आसपास है और वह पिछले कुछ समय से सोनीपत के साई सेंटर में तैयारियां भी कर रही हैं। उनका एक बार फिर ओलंपिक में खेलने का सपना है। इसकी तैयारियों के लिए उन्होंने हरियाणा पुलिस सेे लंबी छुट्टी भी ले ली है। गीता के पिता महावीर फोगाट ने कभी उनके लिए ओलंपिक पदक का सपना देखा था। गीता के मन में यह जज्बात लगातार गोते लगाते रहते हैं। गीता के सामने यूक्रेन की 35 वर्षीय मारिया स्टैडनिक का उदाहरण है। वह इस उम्र में भी खेल रही हैं। उनके 13 और 10 साल के बेटे, बेटियां भी हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। स्टैडनिक ओलंपिक में चार और विश्व चैंपियनशिप में दो स्वर्ण समेत छह पदक जीत चुकी हैं। गीता कहती हैं कि उम्र तो एक संख्या है उनके अंदर खेलने का पूरा जज्बा है। पति ने दिया वापसी का हौसला गीता के मुताबिक वह 62 या फिर 57 भार वर्ग में उतर सकती हैं। इन दोनों ही भार वर्ग में उन्हें खेलने में कोई परेशानी नहीं है। उन्हें मालूूम है कि ट्रायल में मुकाबला काफी कठिन होगा, लेकिन उनके पति पहलवान पवन सरोहा उन्हें इसके लिए तैयार कर रहे हैं। पवन ने उन्हें वापसी के लिए काफी हौसला दिया है।