News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
दर्पण मैदान की गौरवशाली परम्परा को आगे बढ़ाएं नवोदित खिलाड़ी खेलपथ संवाद ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम पर चल रहे ग्रीष्मकालीन हॉकी प्रशिक्षण शिविर के अवलोकन के दौरान खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए ओलम्पियन, अर्जुन अवॉर्डी एवं 1975 विश्व कप विजेता हॉकी टीम के सदस्य अशोक कुमार ने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत, लगन और ईमानदारी का संकल्प लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। अशोक कुमार ने कहा कि दर्पण मिनी स्टेडियम का गौरवशाली इतिहास है। यहां से करिश्मा यादव, इशिका चौधरी, नेहा सिंह, नीरज राणा जैसी चार अंतरराष्ट्रीय एवं एकलव्य अवॉर्डी खिलाड़ी निकली हैं तो अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अंकित पाल एवं अर्जुन शर्मा जैसे राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी भी इसी मैदान की देन हैं। दर्पण मिनी स्टेडियम ने राज्य पुरुष हॉकी अकादमी एवं राज्य महिला हॉकी अकादमी को सर्वाधिक खिलाड़ी दिए हैं। मुझे उम्मीद है कि यहां प्रशिक्षण हासिल कर रहे सभी खिलाड़ी दर्पण की इस गौरवशाली परम्परा को कायम रखेंगे। इससे पूर्व अशोक ध्यानचंद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। हॉकी प्रशिक्षकद्वय अविनाश भटनागर एवं संगीता दीक्षित ने अशोक ध्यानचंद को शॉल श्रीफल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत देवकीनंदन, रितु तिर्की, सोनम रजक, वीरेंद्र भदौरिया, हिमाचल विश्वकर्मा, कमल किशोर, मदन गुप्ता आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन अविनाश भटनागर ने किया।