News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
सभी महिला पहलवान कन्या छात्रावास में रहेंगी खेलपथ संवाद सोनीपत। भारतीय महिला पहलवानों के लिए प्रशिक्षण शिविर अब लखनऊ की बजाय साई सोनीपत में लगाया जाएगा। भारतीय खेल प्राधिकरण की कुश्ती की प्रोजेक्ट अधिकारी पूनम बेनीवाल ने कुश्ती प्रभारी विजय भट्ट के साथ सोमवार को साई परिसर का दौरा किया और कैम्प लगाने के लिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सूत्रों ने बताया कि कैम्प मंगलवार से शुरू हो सकता है। इसकी आधिकारिक घोषणा साई के अधिकारी मंगलवार को कर सकते हैं। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और पहलवानों के विवाद के बाद भारतीय महिला पहलवानों के साई लखनऊ में लगाए जाने वाले प्रैक्टिस कैम्प को रद्द कर दिया गया था। जंतर-मंतर पर धरना देने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवानों ने महिला पहलवानों का लखनऊ में कैम्प लगाए जाने पर सवाल उठाए थे। इसके बाद से कई जगह कैम्प के लिए जगह तलाशी गईं लेकिन कैम्प के लिए जगह तय नहीं की जा सकी। एशियन कुश्ती चैम्पियनशिप के ट्रायल के बाद से सोनीपत में ग्रीको रोमन और फ्रीस्टाइल के पहलवानों का कैम्प तो सुचारु हो गया लेकिन महिला पहलवानों के कैम्प पर कोई फैसला नहीं हो सका। इस पर कई दिन से मंथन चल रहा था। रोहतक, सोनीपत और दिल्ली मेंं कैम्प लगाने की संभावनाएं तलाशी जा रही थीं। दूसरी ओर कैम्प नहीं लगने से महिला पहलवानों की तैयारी प्रभावित हो रही थी। सोमवार को भारतीय खेल प्राधिकरण दिल्ली में कुश्ती की परियोजना अधिकारी पूनम बेनीवाल, कुश्ती प्रभारी विजय भट्ट सोनीपत साई पहुंचे। अधिकारियों ने यहां पर कैम्प लगाने को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सूत्रों ने बताया कि कैम्प साई सोनीपत में लगाने का फैसला लिया गया है। यह मंगलवार से शुरू हो सकता है। सभी महिला पहलवान कन्या छात्रावास में रहेंगी, लेकिन इनके खाने की व्यवस्था लड़कों की मैस में ही की गई है। लड़कियों की प्रैक्टिस का समय लड़कों से अलग रखा जाएगा। अधिकारी भी कैम्प की गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे। साई की अधिकारी पूनम बेनीवाल ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली में साई के उच्च अधिकारी कैंप लगाने की आधिकारिक घोषणा करेंगे। कैंप में शामिल लड़कियों और कोच के नाम की घोषणा की जाएगी।