News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
इन्हें मिल चुके कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान खेलपथ संवाद रांची। योग हमें निरोग रखता है। यह भारत की पहचान है, जो पूरी दुनिया के लिए वरदान है। 21 जून को पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। कोरोना काल में योग की महत्ता से सिर्फ भारत ही नहीं दुनिया रूबरू हुई। यूं तो देश-विदेश में कई योग गुरु मौजूद हैं, जो योग के जरिए लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत कर रहे हैं। मगर, झारखंड के रांची की रहने वाली राफिया नाज की कहानी सबसे अलग है। योग गुरु राफिया नाज पर आज सारे हिन्दुस्तान को नाज है। राफिया योग के जरिए झारखण्ड के बच्चों और युवाओं को एक बेहतरीन इंसान बना रही हैं। राफिया आज योग में इतना रम गई हैं कि इन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। हालांकि, यह सब राफिया नाज के लिए इतना आसान नहीं था, इसके लिए ये कट्टरपंथियों के निशाने पर कई बार आईं, मगर बगैर किसी की परवाह किए हुए राफिया लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने में जुटी हुई हैं। राफिया नाज बताती हैं कि जब वह चार साल की थीं, तभी उन्हें योग से प्रेम हो गया था। स्कूल में योग सिखाया जा रहा था, ऐसे में इन्होंने अपने पिता से योग सीखने की इच्छा जताई, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। राफिया बताती हैं कि योग सीखने के लिए माता-पिता ने हमेशा प्रोत्साहित किया। आज माता-पिता के कारण ही मैं योग की शिक्षा ले पाई हूं। राफिया बताती हैं कि योग सीखना कई कट्टरपंथियों को रास नहीं आया। मुस्लिम होने के कारण कई बार उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। राफिया बताती हैं कि यह सब मेरे लिए आसान नहीं था हमेशा धमकी मिलती रही, मगर मैं अल्लाह के भरोसे अपने लक्ष्य की ओर चलती रही। मेरी फैमिली ने मेरा हमेशा सपोर्ट किया। योग के कारण मुझे कट्टरपंथियों से निपटने की शक्ति मिली। राफिया नाज बताती हैं कि योग के जरिए हम अपनी जिन्दगी को बेहतरीन बना सकते हैं। योग हमें पॉजीटिव रखता है। इससे हम अपने मन के विकारों को खत्म कर सकते हैं। राफिया पिछले 14 साल से योग सीख रही हैं और सिखा रही हैं। इसी कारण इन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है। राफिया कहती हैं कि योग धर्म से ऊपर है। ये जिन्दगी की पद्धति है। योग न हिन्दू है और न ही मुसलमान, योग सिर्फ योग है। आज मेरे साथ कई मुस्लिम बच्चे योग सीखते हैं। मेरी कोशिश रहती है कि लोग योग की अच्छाइयों को समझें।