News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
पहलवान बोले- बृजभूषण शरण के खिलाफ हमारे पास पर्याप्त सबूत खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती में अचानक उठे तूफान से खेल हल्के में सन्नाटा पस गया है। विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया समेत करीब 30 पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया और अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कई कोचों के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगाए। इसके बाद दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू होने के साथ सियासत भी गर्मा गई है। पहलवान तो यहां तक कह रहे हैं कि उनके पास बृजभूषण शरण के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। विनेश फोगाट के बाद पहलवान अंशु मलिक ने भी बृजभूषण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बृजभूषण खिलाड़ियों के होटल में रुकते थे और अपना कमरा खुला रखते थे। इस मामले में शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह का इस्तीफा मांगा है। एनसीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा "हमारे देश के लिए पदक जीतने वाली महिला पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ के सभी गलत कामों के खिलाफ खुद के लिए न्याय मांगने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।" यह बहुत ही सोचनीय बात है। दिल्ली की पालम 360 खाप पंचायत के प्रधान सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने भी पहलवानों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, इस मामले में कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। सरकार को उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए। ऐसा निष्पक्ष जांच के लिए जरुरी है। जंतर मंतर पर सैकड़ों खिलाड़ी बैठे हैं। वे यूं ही किसी पर आरोप नहीं लगा सकते। उनकी भी अपनी साख है। भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यकारी समिति और वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 22 जनवरी को यूपी के अयोध्या में होगी। बैठक में महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह हिस्सा लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बृजभूषण सिहं इस बैठक में इस्तीफा दे सकते हैं। खेल मंत्रालय के अधिकारियों के साथ पहलवानों की बैठक खत्म हो चुकी है। इस बैठक में पहलवानों की तरफ से चार लोग प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए थे। पहलवानों की मांग है कि कुश्ती संघ को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाए और नए संघ का गठन किया जाए। खिलाड़ियों का कहना है कि कुश्ती संघ में भ्रष्ट लोगों की भरमार है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की नेता वृंदा करात भी पहलवानों के प्रदर्शन में पहुंची हैं। हालांकि, उन्हें मंच पर नहीं चढ़ने दिया गया और उन्होंने पहलवानों से बातचीत की। बजरंग पूनिया पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनका प्रदर्शन किसी राजनीतिक दबाव में नहीं हो रहा है। वह कुश्ती की भलाई के लिए विरोध कर रहे हैं। उन्हें किसी राजनेता के समर्थन की जरूरत नहीं है। वृंदा करात ने कुश्ती फेडरेशन पर लगे आरोपों को लेकर कहा कि देश के अंदर यौन शोषण का एक कानून है। उसके तहत कार्रवाई हो। जिन खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है, जब उन्हीं के साथ ऐसी हरकत होती है तो तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। विनेश फोगाट ने हरियाणा कुश्ती संघ पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हरियाणा में जो नया कुश्ती संघ बनाया गया है, उसमें भी बृजभूषण शरण सिंह जैसे लोग हैं। पहलवानों के प्रदर्शन में पहुंचने के बाद भाजपा नेता बबीता फोगाट ने कहा कि उन्होंने पहलवानों से बात की और उन्हें यह आश्वासन दिया है कि सरकार उनके साथ है। वह कोशिश करेंगी की पहलवानों की समस्याओं का निराकरण आज ही कर दिया जाए। बबीता भी पहले पहलवान रह चुकी हैं। इसके बाद वह राजनीति में आईं। उनके कई रिश्तेदार भी इस प्रदर्शन में शामिल हैं। बजरंग पूनिया ने बताया की बबीता सरकार की तरफ से बातचीत करने के लिए आई हैं। वह मध्यस्थ के रूप में यहां आई हैं और पहलवान उनसे बातचीत करेंगे। इसके बाद आगे की जानकारी दी जाएगी। पहलवान गीता फोगाट और बबीता फोगाट ने भी ट्वीट कर पहलवानों का समर्थन किया है। गीता ने लिखा "आज बहुत दुख: हुआ यह तस्वीर देखकर की हमारे देश के गौरव ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी दिल्ली मे जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे है। ये तानाशाही बंद होनी चाहिये आज हम पूर्ण रूप से अपने खिलाड़ी साथियो की मांगों का समर्थन करते है।" आज बहुत दुख: हुआ यह तस्वीर देखकर कि हमारे देश के गौरव ओलम्पिक पदक विजेता खिलाड़ी दिल्ली मे जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे है। ये तानाशाही बंद होनी चाहिये आज हम पूर्ण रूप से अपने खिलाड़ी साथियो की मांगों का समर्थन करते है। बबीता फोगाट ने लिखा "कुश्ती के इस मामले में मैं अपने सभी साथी खिलाड़ियो के साथ खड़ी हूं। मैं आप सबको विश्वास दिलाती हूं कि सरकार से हर स्तर पर इस विषय को उठाने का काम करूंगी और खिलाड़ियों के भावनाओं के अनुरूप ही आगे का भविष्य तय होगा।" कुश्ती के इस मामले में मैं अपने सभी साथी खिलाड़ियो के साथ खड़ी हूँ। मैं आप सबको विश्वास दिलाती हूँ कि सरकार से हर स्तर पर इस विषय को उठाने का काम करूँगी और खिलाड़ियों के भावनाओं के अनुरूप ही आगे का भविष्य तय होगा। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा "हमारे खिलाड़ी देश की शान हैं। विश्व स्तर पर अपने प्रदर्शन से वे देश का मान बढ़ाते हैं। कुश्ती फेडरेशन व उसके अध्यक्ष पर खिलाड़ियों ने शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन खिलाड़ियों की आवाज सुनी जानी चाहिए। आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।"