News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम घोषित खेलपथ संवाद नई दिल्ली। हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा शुक्रवार (23 दिसम्बर) को कर दी गई है। 18 सदस्यीय टीम की कप्तानी डिफेंडर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है। वह मनप्रीत सिंह की जगह टीम की कमान संभालेंगे। हॉकी विश्व कप का आयोजन ओड़िशा में 13 जनवरी से होगा। फाइनल मुकाबला 29 जनवरी को खेला जाएगा। ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर और राउरकेला में मुकाबले में खेले जाएंगे। डिफेंडर अमित रोहिदास को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। हरमनप्रीत ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में टीम की कमान संभाली थी। पांच मैचों की सीरीज में टीम इंडिया को 1-4 से हार मिली थी। मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने टोक्यो ओलम्पिक में टीम की कप्तानी थी। तब टीम इंडिया ने ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। भारत के कोच ग्राहम रीड टीम में अलग-अलग खिलाड़ियों को कप्तानी देने के लिए जाने जाते हैं। उनका मानना है कि इससे सीनियर खिलाड़ी ज्यादा जिम्मेदार होते हैं। अमित रोहिदास भी टीम की कप्तानी कर चुके हैं। विश्व कप टीम का चयन बेंगलुरु के साई सेंटर में दो दिवसीय ट्रायल के बाद किया गया। ट्रायल में 33 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। टोक्यो ओलम्पिक में खेलने वाले गुरजंत सिंह और दिलप्रीत सिंह मुख्य टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन दोनों विश्व कप टीम के साथ स्टैंडबाय के रूप में रहेंगे। विश्व कप में भारतीय टीम अपना पहला मैच 13 जनवरी को राउरकेला के नवनिर्मित बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में स्पेन के खिलाफ खेलेगी। इसी मैदान पर टीम इंडिया पूल-डी में इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगी। इसके बाद भुवनेश्वर में वेल्स के खिलाफ अपना तीसरा मैच खेलेगी। नॉकआउट मैच 22 जनवरी से शुरू होंगे। 22 और 23 जनवरी को क्रॉसओवर मैच खेले जाएंगे। 25 जनवरी को क्वार्टर फाइनल और 27 जनवरी को सेमीफाइनल होगा। फाइनल और कांस्य पदक मैच 29 जनवरी को आयोजित होगा। हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक और पीआर श्रीजेश। डिफेंडर्स: जरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास (उप-कप्तान), नीलम संजीप। मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांता शर्मा, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह। फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक और सुखजीत सिंह। वैकल्पिक खिलाड़ी: राजकुमार पाल और जुगराज सिंह।