News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
इनकी बेटी कुहू गर्ग अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी है खेलपथ संवाद देहरादून। उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष अलकनंदा अशोक को भारतीय ओलम्पिक संघ में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। 10 दिसम्बर को भारतीय ओलम्पिक संघ के चुनाव में अलकनंदा अशोक को संयुक्त सचिव चुना गया। संयुक्त सचिव पद के लिए अलकनंदा अशोक और सुमन कौशिक मैदान में थीं, जिसमें अलकनंदा ने 48-21 से जीत हासिल की। अलकनंदा को भारतीय बैडमिंटन महासंघ द्वारा नामांकित किया गया था। अलकनंदा अशोक वर्तमान में उत्तराखंड स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष हैं, वह बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव भी रही हैं। अलकनंदा अशोक चार बार एशियन राफ्टिंग चैम्पियन रह चुकी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर कयाकिंग में कांस्य पदक हासिल किया और दो बार मास्टर्स बैडमिंटन चैम्पियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी किया है। ज्ञातव्य है कि अलकनंदा अशोक के पति अशोक कुमार वर्तमान में उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक हैं, वहीं उनकी बेटी कुहू गर्ग अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर 13 अंतरराष्ट्रीय मेडल जीते हैं। भारतीय ओलम्पिक संघ की संयुक्त सचिव चुने जाने पर अलकनंदा अशोक ने उत्तराखंड स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनका पूरा प्रयास होगा कि भारत वर्ल्ड स्पोर्ट्स में सुपर पॉवर बने।उल्लेखनीय है कि भारतीय ओलम्पिक संघ में महासचिव का पद खत्म होने से दोनों संयुक्त सचिव (महिला-पुरुष) की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।