News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
गगन नारंग उपाध्यक्ष, सहदेव यादव बनेंगे कोषाध्यक्ष खेलपथ संवाद नई दिल्ली। आज भारतीय ओलम्पिक संघ के 95 साल के लम्बे इतिहास में कोई महिला इसकी अध्यक्ष बनेगी। उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एल नागेश्वर राव ने भारतीय ओलम्पिक संघ के संविधान में आमूलचूल परिवर्तन कर महिलाओं के लिए खेल संगठनों में प्रवेश के रास्ते खोल दिए हैं। आज भारतीय ओलम्पिक संघ के चुनाव हैं। चूंकि महान धावक पीटी ऊषा अध्यक्ष पद की एकमात्र उम्मीदवार हैं सो इनका अध्यक्ष बनना तय है। महान धावक पीटी ऊषा शनिवार यानि आज भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की पहली महिला अध्यक्ष बन जाएंगी। इस पद के लिए वह निर्विरोध चुनी जाएंगी। आईओए के 95 वर्ष के इतिहास में वह अध्यक्ष पद पर काबिज होने वाली पहली ओलम्पियन और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता होंगी। चुनाव उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) एल नागेश्वर राव की निगरानी में हो रहे हैं। संयुक्त सचिव (महिला) और कार्यकारी परिषद के चार सामान्य सदस्यों के लिये चुनाव होगा, जिसके लिये 77 मतदाता वोट डालेंगे। भारतीय बैडमिंटन संघ की अलकनंदा अशोक और भारतीय नेटबॉल महासंघ की सुमन कौशिक पद की दौड़ में हैं। वहीं कार्यकारी परिषद के चार पदों के लिये आठ उम्मीदवार दौड़ में हैं। 1986 के सियोल एशियाई खेलों में चार स्वर्ण और एक रजत जीतने वाली देश की महान एथलीटों में शुमार पीटी ऊषा शनिवार को भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की पहली महिला अध्यक्ष बन जाएंगी। आईओए चुनाव में उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाएगा। आईओए के तीसरे अध्यक्ष महाराजा यादविंदर सिंह (1938-1960) के बाद वह पहली खिलाड़ी अध्यक्ष होंगी। शनिवार को महिला उपाध्यक्ष और चार कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतदान होगा, जिसमें ऊषा के अलावा गगन नारंग, पीवी सिंधू, अखिल कुमार, मनोहर सोमय्या, साक्षी मलिक, योगेश्वर दत्त जैसे खिलाडिय़ों के अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद बृजभूषण शरण सिंह समेत 77 लोग मतदान करेंगे। ऊषा के अलावा एनआरएआई के अजय पटेल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गगन नारंग, रोइंग संघ की अध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव उपाध्यक्ष, भारतीय वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष सहदेव यादव कोषाध्यक्ष, फुटबाल संघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे संयुक्त सचिव, योगेश्वर दत्त और डोला बनर्जी कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर निर्विरोध चुने जाएंगे। इनके खिलाफ किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। महिला उपाध्यक्ष के लिए बैडमिंटन संघ की अलकनंदा अशोक और नेटबाल संघ की सुमन कौशिक के बीच मुकाबला होगा, जबकि कार्यकारिणी के लिए अमिताभ शर्मा, भूपेंदर सिंह बाजवा, सायरस पोंचा, हरजिंदर सिंह, हरपाल सिंह, परमिंदर सिंह ढींढसा, रोहित राजपाल, विट्ठल शिरगांवकर के बीच मुकाबला होगा, जिसमें चार कार्यकारिणी सदस्य चुने जाएंगे।