News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
निर्विरोध चुना जाना तय, सहदेव यादव होंगे कोषाध्यक्ष डोला और रोहित राजपाल का कार्यकारिणी के लिए नामांकन खेलपथ संवाद नई दिल्ली। 1986 के सियोल एशियाई खेलों में चार स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य जीतने वाली दिग्गज एथलीट पीटी ऊषा का भारतीय ओलम्पिक संघ का अध्यक्ष बनना तय हो गया है। ऊषा ने रविवार को अध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल किया, उनके खिलाफ किसी ने भी अपनी उम्मीदवारी नहीं जताई। ऐसे में 10 दिसम्बर को निर्धारित आईओए के चुनाव में उनका निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय हो गया है। यही नहीं कोषाध्यक्ष पद पर भारतीय भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष सहदेव यादव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर अजय पटेल और उपाध्यक्ष पद पर लंदन ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता शूटर गगन नारंग का निर्विरोध चुना जाना तय है। इनके खिलाफ भी किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। पीटी ऊषा आईओए की पहली महिला खिलाड़ी अध्यक्ष होंगी। वह भारतीय जनता पार्टी की ओर से समर्थित राज्यसभा की सांसद भी हैं। कार्यकारिणी में विशिष्ट खिलाड़ी के तौर पर शामिल टेनिस खिलाड़ी रोहित राजपाल और तीरंदाज डोला बनर्जी ने भी नामांकन दाखिल किया। दोनों का चुना जाना तय है। संयुक्त सचिव के लिए एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे का चुना तय है। उनके खिलाफ भी नामांकन नहीं आया। नामांकन दाखिल होने के बाद चुनाव महिला उपाध्यक्ष, महिला संयुक्त सचिव के एक-एक पद के अलावा चार कार्यकारिणी सदस्यों के लिए खड़े हुए 12 उम्मीदवारों के बीच बन रहा है। हालांकि अभी नाम वापस लिए जाने की भी सम्भावना है।