News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरथ कमल को खेल रत्न 25 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड, कोई क्रिकेटर नहीं खेलपथ संवाद नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2022 के लिए खिलाड़ियों और कोच के नामों की घोषणा हो चुकी है। टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरथ कमल को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। अर्जुन अवॉर्ड के लिए 25 खिलाड़ियों को चुना गया है। सात कोच द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित होंगे वहीं, चार खिलाड़ी ध्यानचंद अवॉर्ड से सम्मानित किए जाएंगे। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 30 नवम्बर को सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को ये पुरस्कार देंगी। मेजर ध्यानचंद खेल पुरस्कार हासिल करने वाले अचंता शरथ कमल कई सालों से टेबल टेनिस में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। अचंता शरथ कमल ने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया था। इसके बाद उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। शरथ के नाम राष्ट्रमंडल खेलों में कुल सात स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक हैं। एशियाई खेलों और एशियन चैम्पियनशिप में उन्होंने दो-दो कांस्य पदक जीते हैं। शरथ कमल खेल रत्न पाने वाले दूसरे टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। उनसे पहले मनिका बत्रा को यह पुरस्कार दिया जा चुका है। अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुने गए अधिकतर खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के लिए पदक लेकर आए थे। इनमें बैडमिंटन के युवा स्टार लक्ष्य सेन और महिला मुक्केबाज निकहत जरीन, शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंद और पहलवान अंशु मलिक भी शामिल हैं। इस साल क्रिकेट के किसी खिलाड़ी को अर्जुन अवॉर्ड के लिए नहीं चुना गया है। लक्ष्य सेन ने पिछले साल वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पुरुष एकल का कांस्य पदक जीता था। वह ऑल इंग्लैंड ओपन में उपविजेता भी रहे। वह थॉमस कप में स्वर्ण जीतने वाली पुरुष बैडमिंटन टीम का भी हिस्सा थे। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता और उन्होंने मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक भी अपने नाम किया। मुक्केबाज निकहत जरीन ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और इससे पहले उन्होंने इस्तांबुल विश्व चैम्पियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था। किस खिलाड़ी को कौन सा अवॉर्ड मेजर ध्यानचंर खेल रत्न अवॉर्डः अचंता शरथ कमल अर्जुन अवॉर्डः सीमा पूनिया (एथलेटिक्स), एल्डहॉस पॉल (एथलेटिक्स), अविनाश मुकंद साबले (एथलेटिक्स), लक्ष्य सेन (बैडमिंटन), एचएस प्रणय (बैडमिंटन), अमित पंघाल (मुक्केबाजी),निकहत जरीन (मुक्केबाजी), भक्ति प्रदीप कुलकर्णी (शतरंज), रमेशबाबू प्रज्ञानानंदा (शतरंज), दीप ग्रेस इक्का (हॉकी),सुशीला देवी (जूडो), साक्षी कुमारी (कबड्डी), नयन मोनी साक्या (लॉन बॉल), सागर कैलास ओवहलकर (मलखम्ब), एलावेनिवलारिवन (निशानेबाजी), ओमप्रकाश मिथरवाल (निशानेबाजी), अंशु मलिक (कुश्ती) सरिता (कुश्ती), श्रीजा अकुला (टेबल टेनिस), विकास ठाकुर (वेटलिफ्टिंग) प्रवीण (वुशू) मानसी गिरिशचंद्र जोशी (पैरा बैडमिंटन) तरुण ढिल्लों (पैरा बैडमिंटन), स्वप्निल संजय पाटिल (पैरा स्वीमिंग) जेर्लिन अंकिता जे. (डीफ बैडमिंटन)। ध्यानचंद लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कारः अश्विनी अकुंजी सी (एथलेटिक्स) धर्मवीर सिंह (हॉकी) बीसी सुरेश (कबड्डी) नीर बहादुर गुरुंग (पैरा एथलेटिक्स)। द्रोणाचार्य अवॉर्डः जीवनजोत सिंह तेजा (तीरंदाजी), मोहम्मद अली कमर (मुक्केबाजी), सुमा सिद्धार्थ शिरुर (पैरा शूटिंग), सुजीत मान (कुश्ती)। लाइफ टाइम कैटेगरीः दिनेश जवाहर लाड (क्रिकेट), बिमल प्रफुल्ल घोष (फुटबॉल), राज सिंह (कुश्ती) खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2022ः युवा खिलाड़ियों की पहचान और प्रोत्साहन के लिए- ट्रांसस्टाडिया इंटरप्राइजेज, खेल को बढ़ावा देने के लिए कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंड्रस्टियल टेक्नोलॉजी, खेल विकास के लिएः लद्दाख स्की एण्ड स्नोबोर्ड एसोसिएशन।