News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खेलपथ संवाद अहमदाबाद। जयपुर। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज विवान कपूर ने गुजरात में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में राजस्थान को पहली बार सोने की चमक दिखा दी। विवान ने पुरुषों की क्ले पिजन ट्रेप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। विवान ने पंजाब के जोरावर सिंह संधु को 31-26 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया वहीं सर्विसेज के बलभद्र तरासिया ने हरियाणा के भवनेश मेंदीरत्ता को 20-10 से हरा कांस्य पदक अपने नाम किया। विवान कपूर रैंकिंग राउण्ड में 23 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे, जबकि सर्विसेज के बलभद्र (21) दूसरे और उत्तर प्रदेश के अहवर रिजवी (19) तीसरे स्थान पर रहे। रैंकिंग राउण्ड के दूसरे मुकाबले में हरियाणा के भवनेश (23) पहले, पंजाब के जोराबर सिंह (22) दूसरे और दिल्ली के फहद सुल्तान (19) तीसरे स्थान पर रहे थे। राजस्थान के खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में अब तक कुल 19 पदक जीत चुके हैं। इनमें एक स्वर्ण, तीन रजत और 15 कांस्य पदक शामिल हैं। राजस्थान की महिला और पुरुष वालीबाल टीमें अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। राजस्थान वालीबाल संघ के महासचिव रामावतार सिंह जाखड़ के अनुसार राजस्थान की महिला टीम ग्रुप ए में गुजरात, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के साथ है। राजस्थान का पहला मुकाबला हिमाचल प्रदेश से होगा। उन्होंने बताया कि पुरुष वर्ग में राजस्थान टीम पूल ए में गुजरात, तमिलनाडु और पंजाब के साथ है और उसका पहला मैच मेजबान गुजरात से होगा।