News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
महिला विश्व कप हॉकी में भारत को अभी भी पदक का इंतजार खेलपथ संवाद नई दिल्ली। कप्तान सविता पूनिया को उम्मीद है कि 1 से 17 जुलाई तक नीदरलैंड और स्पेन में होने वाले महिला हॉकी विश्वकप में भारत पदक जीत सकता है। पूनिया ने कहा कि पिछले साल टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही थी। इससे विश्वास बढ़ा है कि भारत विश्वकप में पोडियम पर खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक के बाद हम अपने प्रदर्शन को आगे लेकर आए हैं। एफआईएच प्रो लीग में भारत ने अर्जेंटीना और नीदरलैंड को कड़ी टक्कर दी। इस लीग में तीसरे स्थान पर रहने से विश्व कप से पहले भारतीय टीम का हौसला बढ़ा है। 1974 के विश्वकप में भारतीय महिला हॉकी टीम चौथे नम्बर पर रही थी, यह उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 2018 में भारत आठवें स्थान पर रहा था। गोलकीपर कप्तान सविता ने कहा कि एकजुटता विश्वकप में सफलता की कुंजी होगी। विश्व कप में भारत को पूल बी में इंग्लैंड, चीन और न्यूजीलैंड के साथ रखा गया है। पहला मैच 3 जुलाई को एमस्टलवीन में इंग्लैंड के साथ होगा।