News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
हरियाणा व महाराष्ट्र की लड़कियों के कबड्डी फाइनल को देखा खेलपथ संवाद पंचकूला। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह हरियाणा ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर खेल आधारभूत ढांचा तैयार किया है, उसी प्रकार अन्य राज्य भी खेलों का आधारभूत ढांचा तैयार करें ताकि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर खेलों को बढ़ावा देने के अपने मिशन को साकार कर सकें। केंद्रीय मंत्री मंगलवार को पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2021 के अंतर्गत हरियाणा व महाराष्ट्र की लड़कियों के कबड्डी के फाइनल मैच को देखने के लिए विशेष तौर पर पहुंचे थे। श्री ठाकुन ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के साथ बातचीत की और खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उनकी हौसला अफजाई की। ठाकुर ने कहा कि ओलम्पिक में सर्वाधिक मेडल जीतने वाले हरियाणा राज्य में इन खेलों का आयोजन हो रहा है और खेलो इंडिया के इतिहास में अब तक सर्वाधिक 8500 खिलाड़ी, तकनीकी टीम व कोच इतनी बड़ी संख्या में पहली बार हरियाणा में हो रहे खेलो इंडिया में भाग ले रहे हैं, यह अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि 2024 और 2028 ओलम्पिक के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मिशन ओलम्पिक कमेटी के कुछ पदाधिकारी इन खेलों में मौजूद हैं, जो यहां से खिलाडिय़ों की पहचान कर उनको आगे बढ़ाने का काम करेंगे और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। वहीं अनुराग ठाकुर ने मंगलवार शाम ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पूर्व उप-प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग, प्रदेश महासचिव दिलबाग सिंह नैन और अन्य नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। कबड्डी देशभर में लोकप्रियः कंवरपाल पंचकूला में चल रहे खेलों के पांचवें दिन आज कबड्डी के एक रोचक मुकाबले में हरियाणा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवरपाल खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के लिए आए थे। लगभग एक घंटे दर्शक दीर्घा में रहे शिक्षा मंत्री ने बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि दर्शकों की उपस्थिति व खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए कहा जा सकता है कि कबड्डी अब भी पूरे देश में एक लोकप्रिय खेल है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मैच चला कोई भी अनुमान नहीं लगा सकता था कि कौन सी टीम जीतेगी। हरियाणा का खेलों में अलग स्थान: ढेसी मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी ने कहा कि हरियाणा ने देश के मानचित्र पर खेलों में अलग स्थान बनाया है। तभी हरियाणा को खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ढेसी मंगलवार को पंचकूला में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बैडमिंटन खिलाडिय़ों के मेडल वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस मौके पर एसीएस महावीर सिंह, प्रधान सचिव विजेंद्र कुमार, जिला उपायुक्त महावीर कौशिक और खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन मौजूद रहे।