News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खेलपथ संवाद दतिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर को बेटी संरक्षण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पीताम्बरा माई की पावन नगरी में हॉकी के पहरुआ का यह सम्मान ग्वालियर-चम्बल सम्भाग ही नहीं समूचे मध्य प्रदेश का सम्मान है। नेहरू युवा केंद्र दतिया एवं बेटी क्लब दतिया उचित समय पर एक सही निर्णय के लिए साधुवाद के पात्र हैं। महिला दिवस पर प्रायः महिलाओं को ही सम्मानित किया जाता है लेकिन यदि इस दिन उन शख्सियतों को सम्मान मिले जोकि बेटियों खासकर नारी शक्ति को प्रोत्साहित करते हैं तो इसकी महत्ता और बढ़ जाती है। श्री भटनागर हॉकी के प्रति पूर्ण समर्पित होने के साथ ही इस सम्मान के सुपात्र भी हैं। श्री भटनागर को बेटी संरक्षण अवॉर्ड रजनी अड़जरिया, दतिया बेटी क्लब की अध्यक्ष आकांक्षा रावत, भागवत कथावाचक साध्वी पूर्वी व्यास के करकमलों से प्रदान किया गया। इस अवसर पर खेलों के उत्थान की दिशा में प्राणपण से लगे संजय रावत भी उपस्थित रहे।