News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
40 साल बाद भारत को मिली मेजबानी अनुराग ठाकुर बोले ऐतिहासिक क्षण बीजिंग। अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की 140वीं बैठक का आयोजन मुंबई में होगा। शनिवार के दिन बीजिंग में हुई ओलम्पिक समिति की 139वीं बैठक के दौरान भारत ने अगली बैठक की मेजबानी का आधिकार हासिल किया। इस दौरान किसी भी देश ने भारत का विरोध नहीं किया। अब 2023 में भारत दूसरी बार ओलम्पिक समिति की बैठक की मेजबानी करेगा, जबकि मुंबई में पहली बार यह बैठक होगी। इससे पहले 1983 में दिल्ली में इस बैठक का आयोजन हुआ था। अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की 139वीं बैठक में भारत की तरफ से अभिनव बिंद्रा, नरिंदर बत्रा और नीता अंबानी शामिल हुईं। अभिनव भारत के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ओलम्पिक में एकल प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था वहीं बत्रा भारतीय ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं, जबकि नीता अंबानी भारतीय ओलम्पिक समिति की सदस्य हैं। बैठक में भारत के खेल और युवा मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल हुए। ओलम्पिक समिति की बैठक का आयोजन 2023 की गर्मियों में मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। आईओसी की सालाना बैठक में सभी सदस्य शामिल होते हैं। यह अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की सबसे बड़ी बैठक होती है और इसमें लिए जाने वाले निर्णय सर्वमान्य होते हैं। आमतौर पर आईओसी की बैठक साल में एक बार आयोजित होती है, जबकि जरूरत पड़ने पर समिति का अध्यक्ष कम से कम एक तिहाई सदस्यों को लिखित निमंत्रण देकर बैठक बुला सकता है। आईओसी में कुल 101 सदस्य हैं, जिनके पास मतदान का अधिकार है। इसके अलावा 45 माननीय और एक सम्मानित सदस्य हैं, जिनके पास मतदान का अधिकार नहीं है। ओलम्पिक समिति में 50 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खेल संघ के अध्यक्ष और सचिव भी शामिल हैं। ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन ओलम्पिक के सदस्य भी इस बैठक में शामिल होते हैं। भारत को ओलम्पिक समिति की बैठक की मेजबानी मिलने पर नीता अंबानी ने कहा "40 साल बाद भारत में ओलम्पिक अभियान की वापसी हुई है। ओलम्पिक समिति की बैठक की मेजबानी देने के लिए मैं अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की आभारी हूं। भारत की ओलम्पिक से जुड़ी उम्मीदों के लिए यह बहुत अहम है। इससे भारत में खेलों का नया दौर शुरू होगा। खेल हमेशा से दुनियाभर में उम्मीद और प्रेरणास्रोत रहे हैं। हम दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक हैं और आज मैं भारत के युवाओं के ओलम्पिक से जुड़े अनुभव को लेकर उत्साहित हूं। हमारा सपना है कि यह साझेदारी और भविष्य में और बेहतर हो और आने वाले समय में भारत ओलम्पिक खेलों की मेजबानी कर सके।" अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2023 में ओलम्पिक समिति की बैठक भारत में हो रही है। भारत के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है। पिछले कुछ सालों में भारतीय खेलों ने बड़ी छलांग लगाई है। ऐसे महत्वपूर्ण समय पर भारत के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होने पर उत्साहित और गर्वान्वित हूं।