News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021 खेलपथ संवाद भोपाल। मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियोें ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021 में सोमवार को 50 मीटर थ्री पोजीशन में 3 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदकों सहित कुल 10 पदक अपने नाम कर लिए। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक इस चैम्पियनशिप में कुल 32 पदक अपने नाम कर लिए हैं। मेडल सेरेमनी में प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं संचालक सीबीआई ऋषि कुमार शुक्ला, डीआरएम भोपाल सौरभ बंदोपाध्याय, सीनियर डिवीजनल इंजीनियर एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर गौरव मिश्रा तथा एडीआरएम भोपाल गौरव सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संचालक खेल और युवा कल्याण रवि कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। 64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021 का आयोजन खेल और युवा कल्याण विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ के संयुक्त तत्वावधान में मप्र शूटिंग अकादमी बिसनखेड़ी में 25 नवंबर से 10 दिसम्बर तक किया जा रहा है। मध्य प्रदेश के लिए 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन जूनियर महिला टीम आशी चौकसे, मानसी सुधीर, बांधवी सिंह ने 3479 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। दिन का दूसरा स्वर्ण 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन महिला टीम सिविलियन में मप्र की मानसी सुधीर, सृष्टि मिश्रा, बांधवी सिंह की टीम ने 3475 अंकों के साथ जीता। वहीं, तीसरा स्वर्ण 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन जूनियर महिला टीम सिविलियन में आशी चौकसे, मानसी सुधीर, बांधवी सिंह की टीम ने 3479 अंकों के साथ अपने नाम किया। 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन महिला में मप्र की मानसी सुधीर सिंह कठैत ने 453.5 अंकों के साथ रजत पदक जीता। 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन महिला टीम में मप्र की मानसी सुधीर, सृष्टि मिश्रा, सुनिधि चौहान ने 3472 अंकों के साथ रजत दिलाया। 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन जूनियर महिला वर्ग में आशी चौकसे ने 1165 अंकों के साथ मप्र को रजत दिलाया। 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन महिला सिविलियन में भी मप्र की आशी चौकसे ने रजत पदक अपने नाम किया। 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन जूनियर महिला वर्ग में मप्र की मानसी सुधीर कुमार ने 1163 अंकों के साथ कांस्य पदक पर निशाना साधा। मानसी ने 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन महिला सिविलियन वर्ग में भी कांस्य पदक जीता। 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन जूनियर महिला टीम सिविलियन वर्ग में मप्र की नुपूर कुमरावत, शरण्या लाखन, सिद्धांगना सरण की टीम ने 3370 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।